डीएम कार्यालय के पास संदिग्ध हालात में सेवानिवृत्त कर्मी का शव बरामद, पेंशन आवेदन मिला
Rakesh Kumar
1387


गया शहर में सोमवार को लोक स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी आनंद राव का शव डीएम कार्यालय के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आनंद राव काफी देर से डीएम कार्यालय के पास बैठे हुए थे। बाद में स्थानीय लोगों ने उन्हें अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस को मृतक के पास से एक थैला बरामद हुआ, जिसमें कई महत्वपूर्ण कागजात मिले हैं। इनमें उच्च अधिकारियों को संबोधित पेंशन भुगतान से संबंधित एक आवेदन भी शामिल है, जिसमें पेंशन भुगतान में आ रही परेशानी और लंबित राशि का उल्लेख किया गया है।


घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की भतीजी भी मौके पर पहुंचीं। परिजनों ने बताया कि आनंद राव लंबे समय से पेंशन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और इसी सिलसिले में वे गया आए थे।


पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मौत ठंड लगने से हुई है या किसी अन्य कारण से। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

मामले की गहराई से जांच के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।


इस घटना ने एक बार फिर पेंशन से जुड़ी जटिलताओं और बुजुर्ग सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं को उजागर कर दिया है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

(रिपोर्ट : राकेश कुमार / गया जी )

Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH