चक्रवाती तूफ़ान ‘मोंथा’ का असर : गया सहित पूरे बिहार में झमाझम बारिश, ठंड ने दी दस्तक
Rakesh Kumar
1597

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफ़ान ‘मोंथा’ ने बिहार के मौसम का मिज़ाज पूरी तरह बदल दिया है। मंगलवार की शाम से शुरू हुई रिमझिम बारिश बुधवार को भी जारी रही। आसमान बादलों से घिरा रहा और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होती रही। अचानक आए इस बदलाव ने न केवल तापमान में गिरावट ला दी, बल्कि ठंड का भी अहसास बढ़ा दिया है।



अगले दो दिनों तक रहेगा असर

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि बारिश का यह सिलसिला अगले दो दिनों तक जारी रहेगा। 29 से 31 अक्तूबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज़ हवाओं के आसार हैं। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।


मौसम वैज्ञानिक एस.के. पटेल के अनुसार, “फिलहाल मोंथा बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में सक्रिय है, जिसका असर बिहार, झारखंड और ओडिशा के कई जिलों में देखा जा रहा है। एक नवंबर से न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।”


गया में दर्ज हुई 10 मिमी वर्षा

गया में पिछले 24 घंटे में लगभग 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंडी हवाओं के कारण लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं।


किसानों की बढ़ी चिंता

इस अचानक हुई बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। जिले में इस समय धान की फसल कटाई के लिए तैयार है, लेकिन बारिश और तेज़ हवाओं से कई खेतों में फसल झुक गई है और जगह-जगह नुकसान भी हो रहा है।

किसानों का कहना है कि धूप न निकलने से फसल सुखाने में मुश्किल होगी और अगर बारिश जारी रही तो पूरी फसल सड़ने का खतरा है।


कृषि वैज्ञानिकों की चेतावनी

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि खेतों से तुरंत पानी की निकासी करें और कटाई के बाद फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें। लगातार नमी से फफूंदी और कीटों का प्रकोप बढ़ सकता है, इसलिए सावधानी ज़रूरी है।


शहर में जनजीवन अस्त-व्यस्त

लगातार बारिश से शहर और ग्रामीण इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। गया शहर के केदारनाथ मार्केट, केपी रोड, फल-सब्ज़ी मंडी और पुरानी गोदाम क्षेत्रों में कीचड़ फैल गया है, जिससे पैदल चलना मुश्किल हो गया।

फुटपाथी दुकानदारों को बारिश के कारण बिक्री में भारी गिरावट का सामना करना पड़ा है। कई जगहों पर जलजमाव से यातायात की गति सुस्त पड़ गई है, वहीं स्कूल-कॉलेजों में भी उपस्थिति सामान्य से कम रही।


ठंड ने दी दस्तक

रिमझिम बारिश और ठंडी हवाओं ने सर्दी की दस्तक दे दी है। बुधवार को पूरे दिन बादल छाए रहे और हल्की बारिश के बीच लोगों को सिहरन महसूस हुई। मौसम विभाग ने गया के लिए एक नवंबर तक येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 31 अक्तूबर को मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।


गया में बुधवार की शाम छह बजे तक 4.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का प्रभाव अधिक देखा गया। अगर अगले दो दिनों तक यही स्थिति बनी रही, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।


चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ ने बिहार के मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। जहां एक ओर लोगों को ठंड का एहसास मिलने लगा है, वहीं किसानों की नींद उड़ गई है। आने वाले दो दिन राज्य के लिए मौसम की दृष्टि से बेहद अहम माने जा रहे हैं।

Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH