गयाजी में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी और नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज शाम को ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान गांधी मैदान और आसपास के इलाके में शाम सात बजे से 7:02 बजे तक दो मिनट के लिए बिजली और अन्य स्रोतों से आने वाली रोशनी बंद रखने का अभ्यास किया जाएगा। निर्धारित समय पर सायरन बजाकर लोगों को ब्लैकआउट का संकेत दिया जाएगा।
इस अभ्यास के जरिए संभावित हवाई हमले जैसी परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा उपायों, प्रशासनिक तैयारियों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की क्षमता को परखा जाएगा। जिला प्रशासन ने गांधी मैदान के आसपास के मॉल, शोरूम, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सरकारी कार्यालयों, आवासीय भवनों तथा आम नागरिकों से निर्धारित समय में रोशनी बंद रखकर मॉक ड्रिल में सहयोग करने की अपील की है।
जिलाधिकारी शशांक शुभंकर के निर्देश पर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन और नगर पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अभ्यास के दौरान उनकी जिम्मेदारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में निभाई जाने वाली भूमिका से अवगत कराया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन ने वीडियो प्रस्तुतीकरण के माध्यम से हवाई हमले जैसी परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, कमान संरचना और आपातकालीन प्रतिक्रिया की प्रक्रिया की जानकारी दी। अधिकारियों को अभ्यास के दौरान सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
खिड़की और दरवाजों से बाहर नहीं दिखेगी रोशनी
ब्लैकआउट के दौरान गांधी मैदान और आसपास के इलाके में सभी प्रतिष्ठानों एवं घरों की लाइटें बंद रखने का निर्देश दिया गया है। यदि किसी आवश्यक परिस्थिति में रोशनी का इस्तेमाल करना अनिवार्य हो, तो खिड़की और दरवाजों पर पर्दे लगाकर प्रकाश को कमरे के भीतर ही सीमित रखने की सलाह दी गई है, ताकि बाहर से रोशनी दिखाई न दे।
सायरन सुनकर घबराएं नहीं, अफवाहों से रहें दूर
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 30 नवंबर को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम केवल नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण और जन-जागरूकता के लिए मॉक अभ्यास है। इसका किसी वास्तविक हवाई हमले या आपातकालीन घटना से कोई संबंध नहीं है। सायरन बजने पर नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है और न ही किसी अफवाह पर ध्यान देने की अपील की गई है।
इस मॉक ड्रिल के माध्यम से प्रशासन आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की तैयारी, कार्यप्रणाली, आपसी समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करेगा। बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, विद्युत, अग्निशमन, एसडीआरएफ, जिला गृह रक्षा वाहिनी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

