गया जी एयरपोर्ट पर गुरुवार को कस्टम विभाग की जांच के दौरान मारिजुआना (गांजा) के साथ एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया। दोनों भारतीय नागरिक बताए जा रहे हैं और बैंकॉक से इंडिगो के विमान से गया जी एयरपोर्ट पहुंचे थे। विमान से उतरने के बाद लगेज की जांच के दौरान उनके सामान से मादक पदार्थ बरामद होने पर कस्टम अधिकारियों ने दोनों को हिरासत में ले लिया। मामले को लेकर विभागीय स्तर पर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बैंकॉक से गया पहुंचे यात्रियों के सामान की नियमित जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को संदिग्ध सामग्री मिली। जांच करने पर सामान में मारिजुआना होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद महिला और पुरुष को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गयी। दोनों से मादक पदार्थ की बरामदगी और उसके स्रोत को लेकर पूछताछ की जा रही है।

बरामद गांजे की मात्रा और आरोपितों की पहचान गोपनीय

इस कार्रवाई में कितनी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी अब तक सामने नहीं आयी है। गिरफ्तार महिला और पुरुष के नाम, पते तथा अन्य पहचान संबंधी जानकारी भी सार्वजनिक नहीं की गयी है। कस्टम विभाग मामले की जांच में जुटा है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसका उद्देश्य क्या था।

बैंकॉक से गांजा तस्करी के मामले पहले भी आ चुके हैं सामने

गया जी एयरपोर्ट के रास्ते बैंकॉक से आने वाले यात्रियों के सामान में गांजा मिलने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में कस्टम विभाग की सतर्कता और जांच के दौरान मादक पदार्थों की बरामदगी की जाती रही है। गुरुवार को महिला और पुरुष की गिरफ्तारी भी इसी तरह की कार्रवाई का हिस्सा मानी जा रही है। फिलहाल कस्टम विभाग की जांच जारी है।