गया। छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने बाबू जगजीवन राम कल्याण छात्रावास, रामपुर में छात्र संसद का पोस्टर जारी किया। पोस्टर जारी करने के बाद इसे शहर के कॉलेजों में चिपकाया गया।

पोस्टर जारी करते हुए आइसा नेता मो. शेरजहां और सोनू कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का आइसा शुरू से ही विरोध कर रहा है। शिक्षा नीति के नाम पर यह देश की मौजूदा शिक्षा व्यवस्था को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी है। सरकार सभी को शिक्षा देने की अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है। गया सहित पूरे बिहार में अभियान चलाकर छात्रों को जागरूक किया जा रहा है। वे लोग इस नीति की खामियों को उजागर करते हुए उन्हें आगाह कर रहे हैं।

इससे पहले रविवार को इस अभियान के तहत शहीद अब्दुल हमीद अल्पसंख्यक छात्रावास, करीमगंज, बाबू जगजीवन राम कल्याण छात्रावास, रामपुर, बीआर अंबेडकर छात्रावास, पुलिस लाइन रोड, रामपुर में छात्रों के बीच जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। छात्रों के बीच पर्चा बांटकर अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर भी लिया गया। बड़ी संख्या में छात्रों ने हस्ताक्षर कर अभियान को समर्थन दिया।

ग़ौरतलब है कि 31 मई को दिल्ली के जंतर मंतर पर आयोजित छात्र संसद के लिए आइसा पूरे सूबे में छात्रों का समर्थन जुटाने में लगा हुआ है।

आज के कार्यक्रम में आइसा राज्य परिषद सदस्य मो. शेरजहां, सोनू कुशवाहा, मोलूकांत, गौतम, अजीत कुमार, दीपक कुमार सहित अन्य छात्र शामिल थे।