Rakesh Kumar
गया जी :ओटीए गया में 28वीं पासिंग आउट परेड से पहले आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत एक भव्य मल्टी एक्टिविटी डिस्प्ले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पासिंग आउट के लिए तैयार ऑफिसर कैडेट्स ने अपने अद्भुत युद्ध कौशल, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा और उसकी शौर्य गाथा को जीवंत कर दिया।
इस भव्य आयोजन में दक्षिण कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ तथा 28वीं पासिंग आउट परेड के रिव्यूइंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ, पीवीएसएम, यूवाईएसएम, एवीएसएम विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ ओटीए गया के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल विवेक कश्यप, पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएसएम तथा एकेडमी के कई वरिष्ठ अधिकारी और आमंत्रित अतिथि मौजूद थे।
कार्यक्रम की शुरुआत शानदार घुड़सवारी प्रदर्शन से हुई, जिसने पूरे माहौल को रोमांच से भर दिया। औपचारिक ध्वज मार्च, टेंट पेगिंग, बाधा दौड़ और इक्वीटेशन सिम्फनी जैसी गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स ने अपनी दक्षता और संतुलन का अद्भुत परिचय दिया। हर प्रस्तुति में सैन्य अनुशासन और प्रशिक्षण की झलक साफ दिखाई दे रही थी।
इसके बाद जिम्नास्टिक्स के प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कैडेट्स ने अपनी फुर्ती, ताकत और तालमेल से ऐसा अद्भुत समन्वय दिखाया कि पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। हाई हॉर्स डिस्प्ले ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया, जिसमें कैडेट्स ने घोड़ों पर अपने नियंत्रण, आत्मविश्वास और सैन्य गरिमा का शानदार प्रदर्शन किया।
पूरे आयोजन के दौरान कैडेट्स की ऊर्जा, साहस और समर्पण ने यह स्पष्ट कर दिया कि भारतीय सेना की भावी नेतृत्व क्षमता कितनी मजबूत और प्रतिबद्ध है। हर गतिविधि में उनकी तैयारी, आत्मविश्वास और देशसेवा के प्रति समर्पण साफ झलक रहा था।
इस अवसर पर गौरव पदक समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें पासआउट होने वाले ऑफिसर कैडेट्स के माता-पिता और परिजनों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन परिवारों को समर्पित था, जिन्होंने अपने बेटे-बेटियों को देश की सेवा के लिए सेना को समर्पित किया। उनके त्याग और समर्थन को सलाम करते हुए उन्हें गौरव पदक प्रदान किया गया और उनके सम्मान में एक विशेष रात्रिभोज का भी आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि ओटीए गया में शॉर्ट सर्विस कमीशन टेक्निकल (पुरुष एवं महिला) कोर्स की तीसरी पासिंग आउट परेड 7 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। इस ऐतिहासिक अवसर पर शॉर्ट सर्विस कमीशन टेक्निकल एंट्री (पुरुष) के 64वें कोर्स के 253 और शॉर्ट सर्विस कमीशन टेक्निकल एंट्री (महिला) के 35वें कोर्स की 28 कैडेट्स भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त करेंगे।
ओटीए गया में आयोजित यह मल्टी एक्टिविटी डिस्प्ले केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय सेना की परंपरा, अनुशासन और अदम्य साहस का प्रतीक बनकर सामने आया, जिसने यह विश्वास और मजबूत किया कि देश की सुरक्षा के लिए नई पीढ़ी के अधिकारी पूरी तैयारी और समर्पण के साथ आगे बढ़ रहे हैं।