गया जी : महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 20 सितंबर को प्रस्तावित गया जी आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। राष्ट्रपति विष्णुपद मंदिर में दर्शन करेंगी। प्रशासन ने उनके काफ़िले के लिए विशेष रूट निर्धारित किया है और आम नागरिकों की आवाजाही को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए हैं।
तय रूट से विष्णुपद मंदिर तक यात्रा
राष्ट्रपति का काफ़िला गया एयरपोर्ट के पाँच नंबर गेट से रवाना होगा। इसके बाद यह घुघरी टांड़ बाईपास, नारायणी पुल और बंगाली आश्रम से गुजरते हुए विष्णुपद मंदिर पहुँचेगा। दर्शन के बाद वापसी भी इसी मार्ग से तय की गई है।
आम वाहनों पर लगेगा प्रतिबंध
सुरक्षा कारणों से कई स्थानों पर आम वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। दोमुहान से सिकरिया मोड़ तक, पाँच नंबर गेट से सीटी पब्लिक स्कूल तक और चाँद चौरा से बंगाली आश्रम होते हुए घुघरी टांड़ तक किसी भी प्रकार का वाहन परिचालन नहीं होगा।
जनता के लिए वैकल्पिक मार्ग
लोगों की सुविधा के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। बोधगया से आने वाले लोग फोर लेन होकर गुलरिया चक मोड़, चाकंद रेलवे गुमटी, कंडी नवादा, कुकड़ा मोड़ और मेहता पेट्रोल पंप होते हुए सीटी पब्लिक स्कूल, मानपुर तक पहुँच सकेंगे। इसके अलावा सीटी पब्लिक स्कूल से मेहता पेट्रोल पंप, कुकड़ा मोड़ और कंडी नवादा होकर फोर लेन तक जाने की व्यवस्था की गई है। तीसरा विकल्प चाँद चौरा से राजेंद्र आश्रम, दिग्घी तालाब और डीएम गोलंबर होते हुए गंतव्य स्थल तक पहुँचने का होगा।
सुरक्षा के लिए ड्रॉप गेट
विष्णुपद मंदिर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा को पुख़्ता करने के लिए कई स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और नियमों का पालन करें, ताकि राष्ट्रपति का गया दौरा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।